mp03.in संवाददाता भोपाल 

होशंगाबाद रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने से सिर पर गंभीर चोट आने से युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके साथी को चोटे आई हैं। उधर, गांधी नगर में इलाके में सड़क हादसे में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।

बागसेवनिया पुलिस के अनुसार सतलापुर जिला रायसेन निवासी अरविंद सिंह पुत्र हरि सिंह (28)  मेहनत मजदूरी करता था। निजी कार्य से सोमवार को वह दोस्त गोलू उर्फ मनमोहन सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर भोपाल आया था। यहां से दोनों दोस्त तड़के लौट रहे थे। दानिश नगर गेट के सामने नर्मदापुरम रोड पर उनकी तेज र तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गोलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। अरविंद के शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, गांधी नगर पुलिस ने बताया कि 60 साल की शांति बाई पत्नी स्वर्गीय प्रसाद सिंह निवासी मकान नंबर 80 सिंगार चोली एयपोर्ट रोड बीती 24 अप्रेल को सुबह 6 बजे मार्निंग वॉक करने निकली थीं। ऐयपोर्ट रोड पर ही उन्हें किसी अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद से ही वृद्धा का अस्पताल में उपचार चल रहा था। जहां सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में भी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।