mp03.in संवाददाता भोपाल 

कोलार इलाके में परिवार से अलग रहने वाले युवक ने  बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक को नशे की आदत के कारण परिजनों ने  घर से अलग कर रखा था। वहीं, इसी इलाके में एक मल्टी में का कर रहे युवक की गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कोलार पुलिस के अनुसार पंचामा गांव निवासी भारत मांझी (35) शराब पीने का आदि था। जोकि शराब के नशे में अक्सर घर में लड़ाई-झगड़ा करता था। रोजाना की कलह से परेशान होकर घर वालों ने उसे अलग कर दिया था वह पास में ही अलग घर लेकर रहने लगा था। वह रोजाना मजदूरी करने जाता था। मजदूरी में मिले पैसे वह शराब के नशे में ही उड़ा देता था। बुधवार सुबह ग्यारह बजे तक जब वह घर से बाहर नहीं निकला तो उसके पिता रमेश मांझी उसे देखने के लिए पहुंचे। पिता ने देखा कि भारत फांसी के फन्दे पर लटका हुआ है। तुरंत ही पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके कारण आत्महत्या का कारण सामने नहीं आ सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शराब के नशे में ही उसने फांसी लगा ली।

मल्टी से गिरने से युवक की मौत 

कोलार पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय अजय मजदूरी करता था। बुधवार वह सेमरी जोड़ स्थित एक मल्टी में काम कर रहा था इसी दौरान पैर फिसला तथा वह सीधे जमीन पर आ गिरा। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया यहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।