Mp03.in संवाददाता  भोपाल :

खजूरी सड़क राजीव नगर में एक तेज रफ्तार लोडिंग आटो पलटने से घायल हुए युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

खजूरी सड़क थाना पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय शब्बीर पुत्र सादिक खान ग्राम पाटनिया में परिवार के साथ रहता था। शब्बीर अपने रिश्तेदार खलील खान के साथ उसके लोडिंग आटो पर काम करता था। बुधवार रात दोनों आटो से अपने घर लौट रहे थे। खलील आटो चला रहा था, जबकि उसके बायीं तरफ शब्बीर भी सीट पर बैठा था।रात करीब साढ़े आठ बजे ग्राम धामनिया के पास राजीव नगर टपरा के पास पहुंचे थे, तभी आटो के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ता को बचाने के लिए खलील ने अचानक आटो मोड़ दिया। इस दौरान आटो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर बायीं तरफ पलट गया।
हादसे के दौरान खलील तो कूदकर आटो से बाहर निकल आया, लेकिन शब्बीर आटो के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह  शब्बीर को आटो के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर तक चले उपचार के दौरान  शब्बीर की मौत हो गई। हादसे में खलील को मामूली चोट लगी हैं। हादसे में आटो में सवार युवक शब्बीर की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।