घर में अकेली वृद्ध महिला की आंख में मिर्ची झोंककर सोने की चूड़ी, अंगूठी लूट ले गई नकाबपोश महिला

Mp03.in संवाददाता भोपाल :
शाहजहांनाबाद में दिनदहाड़े घर में अकेली महिला से हुई लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस हुलिये के आधार पर नकाबपोश लुटेरी महिला की तलाश में जुटी है।
शाहजहांनाबाद थाना पुलिस के मुताबिक अमीना मेहंदी कारखाने के पास शाहजहांनाबाद में अली अपार्टमेंट के दूसरी मंजिल पर बने फ्लैट एस-आठ में रिजवाना पत्नी अथर अली परिवार के साथ रहती हैं। पीड़िता रिजवाना के पति अथर अली सिल्वर लाइन अस्पताल में मैनेजर हैं। बेटा मुर्तजा अली भी उसी अस्पताल में काम करता है, जबकि बहू कालेज में पढ़ाती है।गुरुवार दोपहर के समय सभी लोग अपने-अपने काम पर गए हुए थे। रिजवाना अली घर में अकेली थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे घंटी बजने पर रिजवाना ने दरवाजा खोला तो चेहरे पर कपड़ा बांधे एक नकाबपोश महिला सीधे घर के अंदर घुस आई। नकाबपोश महिला ने पीड़िता रिजवाना को धमकाते हुए रिजवाना से हाथ में पहनी हुई सोने की चूड़ियां और अंगूठी उतारकर देने को बोला। पीड़िता रिजवाना कुछ समझ पातीं, तभी नकाबपोश महिला ने पीड़िता रिजवाना की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और बलपूर्वक हाथों से चूड़ियां और अंगूठी उतारने के बाद वहां से भाग निकली।बुरी तरह घबरागई रिजवाना ने बेटे मुर्तजा को फोन कर घटना के बारे में बताया। मुर्तजा ने मां को अस्पताल ले जाकर आंखों का उपचार कराया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने मामले में प्रकरण पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस को संदिग्ध महिला के सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए हैं। जिसके आधार पर लुटेरी नकाबपोश महिला की तलाश की जा रही है।