Mp03.in संवाददाता  भोपाल :

 नजीराबाद में ग्राम झिरनिया छापरी में आरोपी सास, पति और देवर ने विवाहिता के साथ जमकर मारपीट की फिर मुंह में जबरन इल्ली मार दवा भी डाल दी। हालत बिगड़ने पर पीड़ित विवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

नजीराबाद थाना प्रभारी एचएस वर्मा ने बताया कि मूलत: रायसेन के गौहरगंज निवासी 32 वर्षीय कंचन गौर की शादी पांच वर्ष पहले ग्राम झिरनिया छापरी निवासी अरविंद गौर से हुई थी। कंचन गौर की कोई संतान नहीं है। कंचन के साथ पति के अलावा सास सेंगर बाई व देवर रवि गौर भी रहते है। कंचन गौर का एक देवर भोपाल में भी रहता है। कंचन गौर के परिवार के पास खेती की जमीन और तीन मंजिल के घर में किराना दुकान भी है। पूरे घर में साफ-सफाई करने को लेकर कंचन का अपनी सास से अक्सर विवाद होता रहता था। इसमें पति भी अपनी मां का पक्ष लेते हुए कंचन को ही फटकार लगाता था। कंचन का तर्क था कि अकेले इतने बड़े घर में रोज सफाई करने में सक्षम नहीं है। इस मुद्दे पर पति -पत्नी के बीच आए दिन कलह होती थी। विगत तीन जून को भी इस विषय पर झगड़ा शुरू हुआ था। मामला तूल पकड़ने पर पति, सास और देवर ने मिलकर कंचन के साथ जमकर मारपीट करना शुरू कर दी। साथ ही कंचन गौर के मुंह में इल्ली मार दवा भी डाल दी। हालांकि हालत बिगड़ने पर वे लोग ही कंचन को उपचार के लिए अस्पताल भी ले गए।

घटना के बारे में पता चलने पर कंचन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कंचन के बयान दर्ज करने के बाद पति, सास,देवर के खिलाफ मारपीट करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंचन अभी भी अस्पताल में भर्ती है। हालांकि कंचन की हालत खतरे से बाहर है।वहीँ होश में आने पर पीड़ित महिला कंचन गौर के बयान दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। नजीराबाद थाना इलाके में हुए इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।