कुलर से महिला की करंट लगने से हुई मौत !

mp03.in संवाददाता भोपाल
परवलिया सड़क स्थित कुराना गांव में शनिवार दोपहर में करंट लगने से एक महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला काम कर रही थी, इस दौरान वह कूलर में आए करंट की चपेट में आ गई। इससे उसे जोरदार करंट लगा और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। महिला की मौत हो गई थी। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
परवलिया पुलिस के अनुसार कुराना गांव निवासी 22 वर्षीय संजना विश्वकर्मा पति दीपक विश्वकर्मा परिवार सहित रहती थी। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह घर में कुछ काम कर रही थी। इस दौरान महिला का हाथ कूलर से लग गया। इससे महिला को करंट का जोरदार झटका लगा और वह करीब पांच फीट दूरी तक उछल गई। यह देखकर महिला के परिजनों ने शोर मचाया, तो घर के बाकी लोग भी दौड़े आए। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरूआती जांच में यह बात सामने आई कि महिला ने अपने परिजनों से कई बार बताया था कि कूलर करंट मारता है, इसे दिखवा लो। लेकिन परिजनों ने इस मामले में कुछ नहीं किया।