घर के बाहर खड़ी गाडिय़ों ने बदमाश ने आग लगाई

– पुरानी रंजिश की बात आ रही सामने
Mp03.in संवाददाता भोपाल
कमला नगर थाने के नया बसेरा में रहने वाले लोगों के चार दोपहिया वाहनों में शुक्रवार देर रात एक बदमाश ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ नाजमद प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि आग लगाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि दोनों पक्षों में कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। पुलिस पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम देना मान रही है। कमला नगर पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय वीना पंथी नया बसेरा में परिवार के साथ रहती है। उसने पुलिस को बताया कि उसके घर के बाहर उसकी और पड़ोसियों की आधा दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन खड़ी थीं। वीना ने पुलिस को बताया कि रात करीब सवा एक बजे उसकी नींद खुली तो देखा कि घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी तीन स्कूटी और एक बाइक धू-धूकर जल रही हैं। तभी वहां से विक्की नाम का बदमाश भागते हुए दिखा। वह कह रहा था कि मैं आग लगाया हूं, कोई क्या कर लेगा। बताया जाता है कि विक्की कोटरा का रहने वाला है और बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो बीते दिनों जिन लोगों की बाइकें जलाई गई हैं, उनके घर के युवकों और आरोपी विक्की व उसके दोस्तों में किसी बात को लेकर जमकर विवाद हो गया था। इसी टशन के चलते संभवत: बदमाश ने वाहनों में आग लगाई होगी। पुलिस ने आगजनी का नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।