फुटपाथ पर लेटे युवक पर अज्ञात व्यक्ति ने किया जानलेवा हमला

mp03.in संवाददाता भोपाल
भारत टाकीज इलाके में फुटपाथ पर लेटे युवक को अज्ञात बदमाश ने पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सरवन पिता सूरज सिंह (25) मूलत: सागर का रहने वाला है। इन दिनों वह भारत टाकीज फु टपाथ पर रह रहा है और मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा है। पुलिस ने बताया कि सरवन नशे का आदी है और वह शराब के अलावा सेनेटाइजर भी पीता है। रविवार रात वह फु टपाथ से इतवारा इलाके सेनेटाइजर लेने गया था। सेनेटाइजर लेते समय उसका वहां किसी से विवाद हो गया। विवाद के झूमाझटकी भी हुई थी। इसके बाद वह भारत टाकीज फु टपाथ पर लौट आया। रात करीब साढ़े 8 बजे के आसपास वह फुटपाथ पर ही खड़ा था, तभी किसी अज्ञात आरोपी ने उससे मारपीट करते हुए उसके पेट में छुरी मार दी। गंभीर रूप से घायल सरवन खुद ही हनुमानगंज थाने पहुंच गया था। वहां से पुलिस उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची। पूछताछ में घटनास्थल मंगलवारा थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने केस डायरी मंगलवारा पुलिस को सौंप दी है।