संपत्ति बंटवारे के विवाद पर महिला को दो जेठों ने केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की

mp03.in संवाददाता भोपाल
संपत्ति के बंटवारे को लेकर बैरसिया इलाके में दो जेठों ने साले के साथ मिलकर बहू पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। 70 फीसदी झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी दोनों जेठ व उनके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
टीआई केएन भारद्वाज के अनुसार ग्राम अर्जुनखेड़ी निवासी 30 वर्षीय आशा सिंह राजपूत पति संजू राजपूत गृहणी है।परिवार में पति और देवर उदय सिंह राजपूत भी साथ रहता है। संजू और उदय तीसरे और चौथे नंबर के भाई हैं, जबकि वीरेंद्र सिंह राजपूत और श्याम सिंह राजपूत आशा के जेठ हैं और गांव में ही रहते हैं। गांव में स्थित विरासती जमीन और जायदाद को लेकर आशा के पति और देवर का विवाद दोनों जेठ से चल रहा है। आरोपी बटवारे की बात को लेकर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आशा के घर पहुंचे। जहां उन्होंने उदय और संजू से विवाद शुरु कर दिया। इस दौरान श्याम का साला शिशुपाल भी मौजूद था। विवाद बड़ा तो बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच विवाद के दौरान आशा बीच में बोल पड़ी। तब तीनों आरोपियों ने आशा पर केरोसिन ऑयल डालकर आग लगा दी। महिला की छाती से नीचे का पूरा हिस्सा बुरी तरह से झुलस चुका है। पति व देवर किसी तरह से आग को बुझाने के बाद उसे लेकर एलबीएस अस्पताल पहुंचे थे। जहां महिला का उपचार जारी है। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि आरोपी पूर्व से ही उसे प्रताडि़त करते आ रहे थे। बटवारे के लिए आए दिन विवाद करते थे, इसी बात को लेकर मंगलवार दोपहर आरोपियों ने उसकी हत्या की कोशिश की है। अस्पताल में महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।