पत्नी और उसके प्रेमी से परेशान होकर युवक ने दी थी जान

mp03.in संवाददाता भोपाल
शाहपुरा इलाके में बीती सितंबर में एक युवक ने अपनी पत्नी और प्रेमी से परेशान होकर ट्रेन से कटकर अपनी जान दी थी। मृतक को पत्नी के अवैध संबंध होने का पता चल गया था। सुसाइड के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस का कहना है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
टीआई महेंद्र मिश्रा के मुताबिक 35 वर्षीय ब्रजेश साहू गुलमोहर में सांची पार्लर का संचालन करता था। 15 सितंबर 2021 को उसने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट मिला था। जिसमें उसने लिखा था कि उसकी पत्नी भारती साहू के साथ हाकम सिंह सिकरवार के साथ अवैध संबंध है। दोनों को उसने कई बार समझाइश दी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। जिससे परेशान होकर वह खुदकुशी कर रहा है। सुसाइड नोट को पुलिस ने हैंडराईटिंग एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेज दिया था। जहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी युवक जूते चप्पल की दुकान पर काम करता है। अब पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।