दादी के देहांत पर छिंदवाड़ा गए ठेकेदार के सूने मकान पर चोराें का धावा

- नगदी 2 लाख 20 हजार रूपए, सोने की अंगूठी समेत होम थिएटर चोरी कर ले गए चोर
mp03.in संवाददाता भोपाल
दादी के निधन पर परिवार समेत छिंदवाड़ा गए ठेकेदार के सूने मकान में सेंधमारकर अज्ञात बदमाश नगदी 2.20 लाख रूपए, सोने की अंगूठी और होमथिएटर लेकर चंपत हो गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। घटना स्थल के पास पास लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है।
ऐशबाग पुलिस के अनुसार ओल्ड सुभाष नगर निवासी अक्षय सिंह सेंगर (30) ठेकेदारी करते हैं। बीते 12 सितंबर को छिंदवाड़ा में रहने वाली उनकी दादी की निधन की सूचना मिली थी। जिसके बाद में वह परिवार सहित छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गए थे। दो दिन पहले उनके कर्मचारी हनी ने कार की चाबी मांगी थी। फरियादी ने उसे कार की चाबी घर में होने की बात कही। मकान की एक चाबी हनी के पास थी। हनी चाबी देखने के लिए गुरुवार की शाम घर पहुंचा। जहां उसने देखा की मेन गेट का ताला टूटा था। अंदर रखा होम थियेटर गायब था, जिसकी सूचना उसने कॉल कर अक्षय को दी। सूचना के बाद कल अक्षय छिंदवाड़ा से वापस लौटा, चेक करने पर पता लगा की घर में रखी 2.20 लाख रुपए की नकदी, एक सोने की अंगूठी भी गायब थी। इसके बाद में उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्पॉट मुआएना करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना की जांच की जा रही है।