पत्नी से रात में हुआ विवाद, तड़के स्टोर रूम में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
mp03.in संवाददाता भोपाल
पत्नी से विवाद के बाद स्कूल के प्यून ने मालिक के घर में स्टोर रूम में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिपलानी पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय राजा राम अहिरवार मूलता: उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। जोकि अपनी पत्नी के साथ पिपलानी निवासी जैम्स वर्गिस के गैरतगंज जिला रायसेन में बतौर प्यून काम करते था। दंपत्ति स्कूल परिसर में ही रहते थे। लॉक डाउन में स्कूल की छुट्टियां होने के कारण 18 अक्टूबर से राजाराम और उसकी पत्नी दोनों मालिक के कहने पर उनके पिपलानी स्थित निवास में आकर रहने लगे थे। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था। देर रात तक अन्य महिला से बातचीत करता था। कई बार दोनों के बीच कॉल पर लगातार बिजी रहने के कारण नोक-झोंक हुआ करती थी। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच में विवाद हुआ था। इसके बाद में पत्नी अपने कमरे में सो रही थी। तडक़े राजाराम ने अपने दो दोस्तों को कॉल किया और बताया कि उसका पत्नी से विवाद हो गया है। अब वह जीना नहीं चाहता और हमेशा के लिए दुनिया छोडक़र जा रहा है। इसके बाद में आज सुबह मकान मालिक ने घर के स्टोर रूम में राजाराम की बॉडी को फांसी के फंदे पर झूलता देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है, मृतक के मोबाइल को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
– फांसी लगाकर युवती ने दी जान
टीला जमालपुरा में मामा के घर रहने वाली 22 वर्षीय रेखा पिता हरी सिंह निवासी इंद्रा नगर ने शुक्रवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार खुदकुशी के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। मृतका की मां की तबीयत खराब है और वह टीबी की मरीज हैं। आज उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना था, इससे पूर्व ही बेटी ने जान दे दी। रेखा के पिता तीस साल पहले उसकी मां को तलाक दे चुके हैं। उसके दो भाई तथा एक बहन है, बहन की शादी हो चुकी है। पिता से तलाक के बाद से ही मां मामा के घर परिवार के साथ रह रही थीं। पुलिस जांच कर आत्महत्या के करणों का पता लगाने में जुट गई है।
– सडक़ पार कर रहे युवक को बाइक सवार ने ठोका,मौत
पिपलानी थाना इलाके में स्थित होप अस्पताल के पास में गुरुवार की रात को बायपास रोड पर सडक़ पार कर रहे अमजद खान पिता शेख सुबराती (30)को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद अमजद को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।