पति के साथ तड़के मंदिर जा रही महिला के गले से बदमाश ने मंगलसूत्र लूटने का किया प्रयास

mp03.in संवाददाता भोपाल
गोविंदपुरा इलाके में रविवार सुबह स्कूटर पर बैठी महिला के गले से अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। घटना के समय महिला अपने पति के साथ मंदिर पूजा करने के जा रही थी। पति ने बदमाश का पीछा कर उसे रोक लिया था, लेकिन वह उन्हें धमकाते हुए भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर हुलिए के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसातर विजयंत शालीमार स्ट्रर्लिंग रायसेन रोड निवासी मंगला दीक्षित (56) के पति महेश दीक्षित मीडियाकर्मी हैं। रविवार सुबह करीब चार बजे मंगला अपने पति के साथ स्कूटर पर बैठकर विजय मार्केट बरखेड़ा स्थित मंदिर में पूजा करने जा रही थी। सुबह करीब सवा चार बजे वह हेमा स्कूल के पास पहुंची, तभी पीछे से मोटर सायकिल पर आए एक बदमाश ने उनके गले से मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महेश ने बाइक सवार का पीछा किया और रेलवे पटरी के पास उसे रोक लिया। महेश ने उससे पूछा कि यह क्या कर रहा था, तो बदमाश ने बोला कि तू क्या कर लेगा। इतना कहने के बाद बदमाश नटराज पेट्रोल पंप की तरफ बाइक लेकर भाग निकला। उसके बाद मंगला ने थाने जाकर घटना की सूचना दी और फिर मंदिर चली गई। वहां से लौटने के बाद उन्होंने लूट के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई।
हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश शुरू
मंगला ने पुलिस को बताया कि बदमाश स्लेटी रंग की राउड नेक की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहने था। उसने दाहिने बाजू में लाल रंग के कपड़े में ताबीज बांध रखा था। उसका रंग गेहुंआ और बिना मूंछ का था। बदमाश की उम्र 30-35 साल और कद-काठी सामान्य थी। पुलिस इसी हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है।