जेवरात चमकाने का झांसा देकर जालसाज एक वृद्धा के सोने के कंगन लेकर फरार हुए

mp03.in संवाददाता भोपाल
अयोध्या नगर में जेवरात चमकाने का झांसा देकर दो शातिर जालसाज एक वृद्धा के सोने के कंगन लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज ना करते हुए साधारण चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वृंदावन नगर निवासी राजलक्ष्मी नायर पति बालकृष्ण (75) के घर बुधवार दोपहर 12 बजे दो युवक आए और सोने-चांदी के जेवर चमकाकर देने की बात करने लगे। उनकी बातों में आकर महिला ने दो लोगों को अपने घर में बुला लिया और दो सोने के कंगन उन्हें चमकाने के लिए दे दिए। इसी बीच आरोपियों ने महिला से पीने के लिए पानी मांगा तो। राजलक्ष्मी किचन से पानी लेकर लौटीं तो बदमाश वहां से गायब थे। घर के बाहर आकर देखा तो वह नहीं मिले। इसके बाद महिला ने फोन कर अपने परिजनों को खबर दी। इसके बाद देर शाम परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और पूरा घटनाक्रम पुलिस को बताया। साथ ही पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।