जालसाज दंपत्ति ने लगाई सीआरपीएफ हवलदार की पत्नी को 38 लाख की चपत !

Share on social media
mp03.in संवाददाता भोपाल
जम्मू कश्मीर में पदस्थ सीआरपीएफ हवलदार की पत्नी को पेट्रोल पंप खोलने का झांसा देकर जालसाज दंपति ने 38 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी दंपति के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर जालसाजी का केस दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। मिसरोद टीआई निरंजन शर्मा के मुताबिक बंगरसिया निवासी कीर्ति बराडे के पति संदीप बराडे (37) सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल हैं, और वर्तमान में जम्मू कश्मीर में पदस्थ हैं। कीर्ती के बच्चे कटारा हिल्स में स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ते हैं। एक ही स्कूल में बच्चों के पढ़ने से कीर्ति की पहचान तुषार मलिक और उसकी पत्नी सोनाली मलिक से हो गई थी। वह मलिक दंपत्ति के घर आने-जाने लगी थी। इस दौरान महिला को दंपति ने झांसा में लेते हुए कहा कि वह उन्हें पेट्रोल पंप खुलवा देंगे, लेकिन उसके लिए उन्हें पैसे खर्च करना होंगे। झांसे में आते हुए महिला ने दंपति को दो साल पहले करीब 38 लाख रुपए की रकम दे दी थी। पैसे लेने के बाद आरोपी दंपति ने उन्हें ना पेट्रोल पंप नहीं खुलवाया और रकम भी वापस लौटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस के आला अफसरों को लिखित में आवेदन देकर की थी। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ केस दर्ज किया। अभी तक दंपति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लोगों को झांसे में लेने बंगला किराए पर लिया
पुलिस के अनुसार जालसाज दंपति ने लोगों को झांसे में लेने के लिए बंगला किराए पर ले रखा था। वह खुद की बडे़ अफसरों और नेताओं से पहचान होने का हवाला देकर जालसाजी करते थे। उन लोगों ने अब तक कितने लोगों को ठगा है, इसका खुलासा दंपति के पकड़े जाने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।