आगे से झुलसी महिला ने दम तोड़ा

mp03.in संवाददाता भोपाल
शराबी पति की हरकतों से तंग आकर खुद को आग लगाने वाली महिला ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
निशातपुरा पुलिस के अनुसार कृष्णा नगर निवासी सुनीता जाटव पति संजय जाटव (30) की बारह साल पहले संजय से शादी हुई थी। उसके ससुराल में पति सास के अलावा जेठ-जिठानी व उनका परिवार भी रहता है। हाल ही में सुनीता के ससुर की मौत हो गई थी। संजय के पास कोई स्थाई काम नहीं था, वह शराब पीने का आदी था। तकरीबन रोज ही शराब पीकर घर लौटता था। दिनभर में जो भी कमाता था उसे शाम को शराब पीकर उड़ा देता था। इसके बाद वह घर जाकर मारपीट भी करता था। जब कभी सुनीता उससे पैसे मांगती तो वह उसके साथ मारपीट करने लगता। 22 अक्टूबर को भी शराब पीकर घर लौटा था। सुनीता ने जब उसके शराब पीने पर आपत्ति जताई तो दोनों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान ही गुस्साई सुनीता ने तारपीन डालकर खुद को आग लगा ली थी। इस घटना के बाद संजय मौके से भाग निकला। परिवार के अन्य लोगों ने सुनीता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। आग से वह बुरी तरह झुलस गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा महिला के मरणासन्न कथन लिए। जिसमें उसने पति से परेशान होने की बात कही। कल इलाज के दौरान उसकी हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।