स्मार्ट सिटी में दुकान का झांसा देकर विधवा महिला से नगर निगम के कथित अफसर ने की ज्यादती

mp03.in संवाददाता भोपाल
कथित नगर निगम अधिकारी ने महिला को स्मार्ट सिटी में दुकान दिलाने का झांसा देकर लंबे समय तक ज्यादती की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आराेपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
एसआई करिश्मा रजावत के अनुसार खजूरी निवासी 40 वर्षीय महिला विधवा है। उसके पति की मौत कुछ सालों पूर्व हो गई थी। महिला की पहचान शाहजहांनाबाद निवासी मोहम्मद अनवर से थी, जिसने खुद को नगर निगम का अतिक्रमण अधिकारी बताया था। इस दौरान आरोपी ने महिला को झांसा दिया कि वह उसे स्मार्ट सिटी में दुकान दिला देगा। जिसके एवज में उसने कुछ रकम भी ली। बाद में महिला को झांसे में लेकर दुकान दिखाने के बहाने 27 सितंबर 2021 को आरोपी अपने साथ नंदन रिसोर्ट ले गया। जहां उसने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और वह उसके बाद से लगातार महिला का शोषण कर रहा था। उसकी करतूतों से परेशान होकर बुधवार को थाने पहुंची महिला ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।