प्रेमी से नजदीकियों के चलते पति ने छोड़ा, फिर प्रेमी भी दे गया दगा!
mp03.in संवाददाता भोपाल
‘घर के रहे ना, घाट के’ राजधानी की एक महिला के साथ यह कहावत चरितार्थ हुई है। दरअसल, साथ काम करने वाले युवक से नजदीकियां बढ़ने पर पति ने तलाक दे दिया, शादी का झांसा देकर प्रेमी ने भी ज्यादती की और छोड़ दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर प्रेमी युवक के खिलाफ ज्यादती का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ऐशबाग पुलिस के अनुसार मूलत: छत्तीसगढ़ की रहने वाली 29 वर्षीय महिला टीटी नगर थानाक्षेत्र में रहती है। चार साल पहले महिला ने एमपी नगर के एक काल सेंटर में काम करना शुरू किया था। इस दफ्तर में अभिषेक रघुवंशी भी काम करता था। साथ में काम करने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसी दौरान महिला और उसके पति के बीच रोजाना विवाद होता था। 2017 में तंग आकर महिला काे पति ने तलाक दे दिया। जिसके बाद महिला और अभिषेक में करीबियां और बढ़ गई। 17 अक्टूबर 2017 को अभिषेक ने ऑफिस के काम का बहाने महिला को हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने कमरे पर बुलाया। जहां महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला से जल्द ही शादी करने का वादा कर करीब ढाई सालों तक अभिषेक ने शारीरिक संबंध बनाए। जब भी शादी की बात करती वह अच्छी नौकरी लग जाने के बात कहकर टाल देता था। दोनों के घर वालों को भी उनके प्रेम-प्रसंग के बारे में पता चला गया। दोनो के परिजनों के बीच भी शादी को लेकर बात चलती रही। पिछले दिनों युवक ने शादी करने से मना कर दिया। महिला ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर अभिषेक रघुवंशी को गिरफ्तार कर लिया।