महिला इंजीनियर से दस लाख दहेज मांगने वाले पति समेत तीन लोगों पर एफआईआर

mp03.in संवाददाता भोपाल
गर्भवति महिला इंजीनियर से दहेज में दस लाख रुपए की मांग करने वाले पति समेत तीन लोगों के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपियों को नोटिस देने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार मीनाल रेसीडेंसी निवासी अमरीन पति शाहनवाज अहमद (28) पेशे से इंजीनियर है, और उसका पति भी इंजीनियर है। महिला का ससुराल निशातपुरा स्थित इंडस रेसीडेंसी में है। महिला का ससुर रेलवे में पदस्थ है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले उसके मायके पक्ष ने पांच लाख रुपए दहेज के तौर पर दिए थे। क्योंकि वह शादी से पहले ही पैसों की मांग कर रहे थे। शादी के बाद उसको मिलने वाली 70 हजार रुपए का वेतन भी ससुराल वाले ही रख लेते थे। इसके बाद बावजूद भी पति शाहनवाज, सास तसलीम और ससुर फैयाज अहमद दहेज में दस लाख रुपए की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर वह उसके साथ मारपीट भी किया करते थे। करीब तीन दिन पहले ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया था। इससे परेशान होकर पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर शिकायत कर दी। आवेदन की जांच पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।