हत्या के लिए उकसाने पर पिता और भाई को भी बनाया आरोपी
Share on social media
mp03.in संवाददाता भोपाल
कटारा हिल्स इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर ताई की हत्या करने वाले राजू मीणा के साथ पुलिस ने उसके पिता और भाई को भी आरोपी बना लिया है। इन दोनों ने आरोपी को हत्या के लिए उकसाया था। हालांकि पिता और भाई की अभीतक गिरफ्तार नहीं हुई है। पुलिस का कहना है फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एएसपी राजेश सिंह भदौरिया के अनुसार 50 साल की शांति बाई मंगलवार दोपहर ढाई बजे अपने घर में काम कर रही थी। तभी देवर देवी सिंह के बेटे राजू सिंह ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। जांच में सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इतना ही नहीं राजू ने अपने पिता देवी सिंह और भाई जीवन सिंह मीना के उकसाने पर वारदात को अंजाम दिया था। लिहाजा पुलिस ने पिता और भाई को भी हत्या की साजिश में उकसाने का आरोपी बनाया लिया है। वारदात के बाद से दोनों फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस छापेमार कार्रवाई कर रही है।
घायल महिला ने दम तोड़ा
निशातपुरा इलाके में करीब दस दिन पहले सड़क हादसे में घायल महिला ने मंगलवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रतन कालोनी निवासी भगवति बाई पति शिवलाल सेन (65) 10 अक्टूबर को महिला सड़क हादसे में घायल हो गई थी। उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।