आर्थिक तंगी के चलते युवक ने पत्नी के मायके जाने के बाद फांसी लगाकर जान दी

Share on social media
mp03.in संवाददाता भोपाल
गांधी नगर इलाके में आर्थिक तंगी के चलते तनावग्रस्त युवक ने शुक्रवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नौकरी छूटने के बाद से वह तनाव में था और घर खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके गई हुई है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। हालांकि पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार गोंदरमऊ, गांधीनगर निवासी राजू अहिरवार पुत्र रामदयाल अहिरवार(36) पूर्व में विद्धुत विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था। उसकी शादी को करीब 12 साल हो चुके हैं। उसका दस साल का बेटा तथा 8 साल की बेटी है। मां-पिता और भाई सभी एक मकान में ही रहते हैं। करीब 6 महीने पहले राजू की नौकरी चली गई थी। इसके बाद से ही वह बेरोजगार था और काफी प्रयासों के बाद भी उसे दूसरा जॉब नहीं मिल रहा था। इसी बात को लेकर वह तनाव में रहता था। दो दिन पहले उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। शुक्रवार रात राजू कमरे में अकेला था, इसी बीच उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 9:20 बजे कमरे से बाहर नहीं आने पर जब भाभी उसे खाना खाने के लिए पहुंची, तो उसे फांसी पर लटका देखा। उन्होंने तत्काल पति और परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर राजू के शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। प्रारंभिक बयानों में परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण राजू तनाव में था। उसके लिए घर खर्च चलाने से लेकर बच्चों की फीस भरना मुश्किल हो चुका था।