नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पति पर दहेज हत्या का मामला दर्ज

mp03.in संवाददाता भोपाल
बागसेवनिया स्थित दीक्षा नगर में नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पति के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पति दहेज में स्कूटर नहीं देने से नाराज था। वह पत्नी को तानाकशी कर मारपीट करता था। पति की प्रताडऩा से तंग आकर महिला मायके में रहने लगी थी। पति की प्रताड़ना का जिक्र महिला ने एक सुसाइड नोट में किया था। जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
एसीपी अमित कुमार मिश्रा के अनुसार दीक्षा नगर बागसेवनिया निवासी मीनू नेहारे (33) की शादी महाराष्ट्र निवासी राजकुमार से फरवरी 2022 में हुई थी। कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद वह अपने मायके में आकर रहने लगी थी। मीनू के पिता नहीं है उसने अपनी मां और भाइयों को बताया था कि राजकुमार उसे दहेज में स्कूटर लाने के लिए प्रताडि़त कर रहा था। उसका विरोध करने पर वह मारपीट करता था। ससुराल पक्ष के लोग कहते थे शादी में पांच लाख रुपए खर्च हो गए। बहु को ससुराल नहीं लौटना तो वह पांच लाख रुपए लौटा दें। इन सभी बातों से परेशान होकर मीनू ने 25 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उक्त मामले में मायके पक्ष के बयान दर्ज किए थे। मायके पक्ष ने केवल पति राजकु मार पर गंभीर आरोप लगाए थे। लिहाजा पति राजकुमार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया।