ज्यादती करने वाले दोस्त से शादी कराने झांसा देकर होटल ले जाकर ज्यादती, फिर ब्लेकमेलिंग

mp03.in संवाददाता भोपाल
हनुमानगंज इलाके में महिला से ज्यादती करने वाले युवक पर बलात्कार और उसके चार साथियों पर ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने यह घिनौनी हरकत एक पुराने प्रकरण में राजीनामा का दबाव बनाने के लिए की है। महिला का आरोप है कि आरोपी का साथी उसे बहला
फुसलाकर बाइक से अपने साथ होटल में ले गया था और वहां उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
पुलिस के अनुसार 26 साल की महिला बिलखिरिया इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसने अकबर उर्फ तालिस के खिलाफ टीलाजमालपुरा थाने में बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। उक्त मामला कोर्ट में विचाराधीन है। गत दिनों अकबर के परिचित जिशान ने महिला को कॉल किया था और कहा था कि मैं अकबर की तुम्हारे से शादी करवा दूंगा। इसके एवज में बीस हजार रुपए देने पड़ेंगे। महिला ने बीस हजार रुपए की व्यवस्था की और गत दस जून को जिशान ने उसे कॉल कर तैयार रहने का कहा था। महिला का आरोप है कि जिशान उसे बाइक से लेने उसके घर पहुंचा और कहने लगा कि अकबर होटल सांई प्लाजा में है और वहीं चलकर बात करते हैं। महिला जब होटल में पहुंची तो वहां अकबर नहीं था। महिला का आरोप है कि इस दौरान जिशान ने उसे धमकाकर दुष्कर्म किया। बाद में अकबर, सुमाई खान, अमन और तोसिफ वहां पहुंचे और कहने लगा कि तुम्हारा अश्लील वीडियो मोबाइल पर बना लिया है। अब अकबर के साथ पुराने केस में समझौता कर लो, नहीं उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायर कर देंगे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जिशान के खिलाफ बलात्कार और चार आरोपियों के खिलाफ ब्लेकमेलिंग का प्रकरण दर्ज कर लिया है।