भोपाल क्राइम अपडेट्स – रूटीन

एलआईजी एजेंट के सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित जय प्रकाश अस्पताल के पास तुलसी नगर में अज्ञात बदमाश एलआईसी एजेंट के सूने मकान का ताला तोड़कर दस तोला गोल्ड, चांदी की पायल और 60 हजार की नकदी ले गए। पुलिस ने नकबजनी का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिवशंभू मौर्या (49) जयप्रकाश अस्पताल के पास तुलसी नगर में रहते हैं। वे एलआईसी में एजेंट हैं। उनकी पत्नी लक्ष्मी हमीदिया अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं। शिवशंभू ने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण पिछले कुछ दिन से वह निजी अस्पताल में भर्ती हैं। 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे पत्नी लक्ष्मी घर पर ताला लगाकर उनके पास अस्पताल गई थी। अगले ही दिन घर लौटी तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश घर में रखी अलमारी और लॉकर को खोल नहीं सके तो उन्होंने रॉड से उखाड़ दिया था। तलाशी लेने पर पता चला कि अलमारी में रखा सोने का नेकलेस, तीन जोड़ी कान के टाप्स, दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठी, समेत करीब 10 तोला वजनी सोने के जेवरात और चांदी की पायल के साथ ही घर में रखे लगभग साठ हजार रुपए नकदी चोरी कर भाग चुके थे। घटना के बाद शिवशंभू के बड़े भाई मदनलाल ने हबीबगंज थाने जाकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
चौदह साल के किशोर की गर्दन पर आपरेशन ब्लैड अड़ाकर कुकृत्य का प्रयास
गौतम नगर इलाके में शुक्रवार रात चौदह साल के किशोर के गले में ऑपरेशन ब्लेड अड़ाकर एक बदमाश ने कुकृत्य का प्रयास किया। किशोर ने घटना की जानकारी परिजन को दी थी। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार 14 साल का किशोर इलाके में रहता है और कक्षा दसवीं में पढ़ता है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे किशोर किराना दुकान गया था, वहां से अंडे के ट्रे का रेट लेकर घर लौट रहा था। इस बीच रास्ते में वसीम उर्फ मिर्ची ने उसे रोक लिया। उसने आपरेशन ब्लैड निकाली और किशोर के गले पर रखकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद डरे सहमें किशोर को मिर्ची सुनसान इलाके में ले गया और उससे मारपीट करते हुए अश्लील हरकतें करने लगा। किसी तरह बच्चे ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे छोड़ दिया। घटना के बाद किशोर ने घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन उसे लेकर रात में ही थाने पहुंच गए थे। पुलिस ने किशोर की शिकायत पर आरोपी वसीम उर्फ मिर्ची के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट करने और पाक्सो एक्ट की धाराओं सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। एसआई मुजाल्दे ने बताया कि वसीम उर्फ मिर्ची पर पूर्व में भी हथियार रखने और मारपीट के तीन प्रकरण दर्ज है।
लोकायुक्त के रिटायर्ड डीएसपी के घर से हजारों की चोरी
बागसेवनिया थाना क्षेत्र स्थित शंकराचार्य नगर में लोकायुक्त के रिटायर्ड डीएसपी के सूने मकान से अज्ञात बदमाश हजारों का माल चुराकर ले गए। घटना के समय वह पत्नी के साथ जबलपुर गए हुए थे। पुलिस के अनुसार शंकराचार्य नगर, बागसेवनिया निवासी 70 साल के पीआर बानवंशी रिटायर्ड डीएसपी हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा इन दिनों जबलपुर जिला अदालत में मजिस्ट्रेट हैं। 22 मई को वह पत्नी के साथ बेटे से मिलने जबलपुर गए थे। वहां से शुक्रवार को लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश के बाद दरवाजा खोला तो अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी टूटा था। घर में जाकर देखने पर पता चला कि बदमाश उनके घर से मंदिर के कमरे रखे चांदी के 20 सिक्के, एक हजार रुपए, दो गैस चूल्हे, पीतल के दो बर्नर और एक एलईडी टीवी लेकर गए हैं। उनकी शिकायत पर बागसेवनिया पुलिस ने नकबजनी का मामला दर्ज कर लिया है।
एमपी नगर पुलिस के हत्थे चढ़ा पांच साल से फरार जालसाज
भोपाल। एमपी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में पांच साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। जालसाज की गिरफ्तारी के लिए दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। उक्त मामले में पुलिस दो आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार सैयद सरवर हुसैन अमलतास कंपनी के संचालक हैं। वे बिल्डरशिप का काम करते हैं। उन्होंने विजन कालोनाइजर के संचालक कमलेश सोनी के साथ अनुबंध किया था। दोनों कंपनियों ने मिलकर पार्टनरशिप में सीहोर रोड स्थित एक्सप्रेस हाइवे के पास जमीन अधिग्रहीत करने का अनुबंध किया था। बाद में अनुबंध की शर्ताें का उल्लंघन करने पर सरवर हुसैन ने कमलेश और उनके साथियों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद लगाया। कोर्ट के आदेश पर एमपी नगर पुलिस ने पांच साल पहले तीन लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद से शाहपुरा निवासी कमलेश फरार थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गेंद उठाने पहुंचे बच्चे ने फांसी के फंदे पर देखी लाश
बजरिया थाना क्षेत्र स्थित सेमरा कला में राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय लगी, जब गेंद उठाने के लिए एक बच्चा कमरे के पास पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार तुलराम (35) मूलत: नरसिंहपुर का था और सेमराकला में किराए के मकान में अकेला ही रह रहा था। मिस्त्री का काम करने वाले तुलाराम के माता-पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है, जबकि तीन साल पूर्व उसकी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे तुलाराम के घर के सामने कुछ बच्चे खेल रहे थे। इस बीच गेंद उसके घर के सामने चली गई। बच्चा जब गेंद उठाने पहुंचा तो दरवाजा खुला था और अंदर तुलाराम फांसी के फंदे पर लटका था। बच्चे के शोर मचाने पर मकान मालिक पहुंचे और उन्होंने आदर्श नगर में रहने वाले तुलाराम के चाचा मुन्नालाल को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा बनाया और पीएम के बाद लाश परिजन को सौंप दी। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल भागीरथ प्रसाद ने बताया कि मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।