खेत पर बने टपरे में सो रही महिला से ज्यादती

Share on social media
mp03.in संवाददाता भोपाल
अपने बच्चों के साथ खेत पर बने टपरे में सो रही महिला के साथ गांव के युवक ने जान से मारने की धमकी देकर व मारपीट कर ज्यादती की। महिला ने उसका विरोध करने की कोशिश की लेकिन युवक ने उसका मुंह दबाकर उसे चुप कर दिया। बलात्कार करने के बाद युवक मौके से भाग निकला। महिला की शिकायत मिलने पर पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय महिला नजीराबाद थानाक्षेत्र के एक गांव में रहती है। उसका ससुराल इस गांव में है तथा व पति के साथ दूसरे राज्य में रहती है। पिछले दिनों वह अपने बच्चों को लेकर ससुराल आई थी। वह खेत पर बने टपरे में बच्चों के साथ रहती है। बुधवार की रात दस बजे खाना खाने के बाद बच्चों को सुलाने के बाद वह भी सो गई थी। करीब एक घंटे बाद नवल सिंह नाम का व्यक्ति टपरे में जबरन घुस आया। टपरे में आने के बाद उसने महिला के साथ छेडख़ानी शुरू की तो महिला की नींद खुल गई। जैसे ही महिला ने विरोध करने की कोशिश शुरू किया वैसे ही नवल सिंह ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका मुंह दबा लिया। इसके बाद उसने महिला के साथ रेप किया। इस दौरान महिला के बच्चे भी इसी टपरे में थे। दुष्कर्म करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए नवल सिंह मौके से भाग निकला। महिला ने कल नजीराबाद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि गांव में एक साथ रहने के कारण पीडि़ता और आरोपी पूर्व से परिचित हैं।