शादी का झांसा देकर महिला से ज्यादती

mp03.in संवाददाता भोपाल
मिसरोद इलाके में महिला को शादी का झांसा देकर बलात्कार करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मिसरोद थाने में शिकायत कर महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले साल नवंबर के महीने में उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद का नाम वेदान्त बजाज उर्फ मन्ना बताया। उसने बताया कि वह औबेदुल्लागंज में रहता है तथा भोपाल में उसका रेत का कारोबार है। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात होने लगी। इसी दौरान मन्ना एक दिन महिला के घर पहुंच गया तथा बातचीत के दौरान उसने शादी का झांसा दिया तथा महिला के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद वह उसका शारीरिक शोषण करता रहा। कारोबार में मदद के नाम पर उसने महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपए भी ले लिए। पिछले दिनों मन्ना के बर्ताव में बदलाव आ गया तथा उसने महिला से दूरी बनाना शुरू कर दिया। महिला ने पता किया तो पता चला कि वह किसी और महिला से शादी करने वाला है। इसके बाद महिला ने उस पर शादी करने के लिए दबाव डाला तो उसने महिला के साथ मारपीट कर दी तथा जातिसूचक संबंधी शब्दों से अपमानित किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मन्ना के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, जान से मारने की धमकी देना तथा अजा-जजा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।