दो बेटियों की मां को झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण करने वाला गिरफ्तार

mp03.in संवाददाता भोपाल
दूसरी बेटी पैदा होने के बाद पति द्वारा छोड़ी गई महिला को शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय महिला टीटी नगर थानाक्षेत्र की एक बस्ती में रहती है। 2007 में उसकी शादी हुई थी लेकिन जब 2014 में उसने दूसरी बेटी को जन्म दिया तो पति ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वह न्यू मार्केट में सेल्स गर्ल का काम करने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान नीरज यादव से हो गई। दोनों के बीच नजदीकी संबंध बन गए। नीरज ने महिला को प्रेम जाल में फंसाकर काली मंदिर ले जाकर सिंदूर से मांग भरकर झूठी शादी कर ली। 2017 से महिला ने नीरज के नाम से करवाचौथ का व्रत रखा। जिसके बाद वह महिला को अपने घर ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने लगातार महिला को जल्द ही समाज के समाने शादी करने का भरोसा दिलाते हुए उसकी दोनों बेटियों की परवरिश का वादा किया। दोनों ने पार्टनशीप में न्यू मार्केट इलाके में कपड़े की दुकान भी खोल ली। इस दौरान नीरज ने महिला से करीब तीन लाख रुपए भी ले लिए। पांच साल तक वह महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। महिला जब भी समाज के समाने रीति-रिवाज से शादी करने की बात कहती तो युवक कहता कि पहले वह अपना घर बनाएगा, इसके बाद ही शादी करेगा। गत 17 मई को उसने एक अन्य लड़की से सगाई कर ली। यह बात जब महिला को पता चली तो उसने आपत्ति जताते हुए सगाइ तोडऩे को कहा। नीरज ने जब ऐसा करने से मना कर दिया तो महिला ने उस लड़की के भाई को फोन लगा दिया जिससे नीरज ने सगाई की थी। महिला ने नीरज और उसके बीच सालों से बन रहे शारीरिक संबंध के बारे में पूरी बात बता दी। जब यह जानकारी नीरज को लगी तो उसने महिला के साथ मारपीट करते हुए शादी करने से मना कर दिया। महिला ने सोमवार को थाने जाकर मामले की शिकायत कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।