शादी के दो महीने बाद ही पत्नी के मायके चले जाने से दुखी युवक ने फांसी लगाई

mp03.in संवाददाता भोपाल
बिलखिरिया इलाके में शादी के दो माह बाद ही पत्नी के मायके चले जाने से दुखी युवक तनावग्रस्त हो गया, जिसने बुधवार रात नशे में धुत होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने फंदे से उतारकर उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां डाक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।
बिलखिरिया पुलिस के अनुसार ग्राम कान्हासैया निवासी किशोर कुशवाह पुत्र मोहनलाल (33) सेंट्रिंग प्लैटें कसने का काम करता था। आठ साल पहले वर्ष 2013 में उसका विवाह हुआ था। महज दो माह के भीतर ही पति और पत्नी के बीच विवाद होने लगे। जिसके बाद में पत्नी अपने मायके चली गई। इसके बाद किशोर ने उसे वापस लाने के काफी प्रयास किये पर पत्नी लौटने को तैयार नहीं हुई। जिसके चलते अवसाद में आकर उसने शराब और गांजा पीना शुरु कर दिया। नशे में धुत होकर अकसर परिजनों से भी विवाद करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीती रात नशे में धुत होकर घर आया था। जिसके बाद में अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह परिजनों ने उसे फांसी पर लटके देखा।