ज्यादती के बाद वीडियो बनाकर दोस्त से भी करवाया बलात्कार

mp03.in संवाददाता भोपाल
होम केयर कंपनी चलाने वाले एक युवक ने अपनी ही कंपनी की एक केयर टेकर महिला के साथ दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। जिसे वायरल करने की धमकी देकर अपने एक दोस्त के साथ भी महिला को शारीरिक संबंध बनाने को विवश किया। दोनों एक महीने तक उसका शारीरिक शोषण करते रहे। दोनों की ब्लेकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने गुरूवार को मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय विवाहिता एक होम केयर कंपनी में केयर टेकर के तौर पर काम करती है। इस कंपनी का संचालक मनोज वर्मा जिन लोगों को घरों में बीमार बुजुर्गों की देखभाल के लिए केयर टेकर की जरूरत होती है, उन्हें केयर टेकर मुहैया कराता है। महिला इस कंपनी में पिछले कई महीनों से काम कर रही थी। मई महीने के दूसरे हफ्ते में महिला जिस बुजुर्ग के घर पर काम कर रही थी, उसे वहां से दूसरे पेशेंट के घर शिफ्ट किया जाना था। गत 9 मई को मनोज ने महिला से दूसरे पेशेंट के घर ले जाने की बात कही । जिसके बाद उसे प्रगति नगर के एक घर में लेकर गया। यहां पर उसने डरा-धमका कर महिला के साथ बलात्कार किया। उसने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसने महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद ही उसने महिला पर उसके दोस्त अर्जित के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। महिला ने मना किया तो उसने धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो वह वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा। इस तरह से ब्लेकमेल करने के बाद अर्जित ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए तथा वह भी शारीरिक शोषण करने लगा। दोनों की ब्लेकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने कल मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।