शादीशुदा मॉडल से परिचित युवक ने की ज्यादती

mp03.in संवाददाता भोपाल
निशातपुरा इलाके में एक शादीशुदा माॅडल को उसका परिचित मकान बिकवाने के बहाने से ले गया, जहां उसके साथ ज्यादती की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
निशातपुरा पुलिस के अनुसार अरेरा कालोनी निवासी 38 वर्षीया महिला पेशे से मॉडल हैं। जबकि उनके पति प्राइवेट जॉब करते हैं। महिला की हरि त्रिवेदी उर्फ रिंकू से करीब छह साल पुरानी पहचान है।
महिला ने निशातपुरा इलाके में एक प्लॉट खरीदा था, जिसपर वह मकान बना चुकी है। महिला अपना मकान बेचना चाहती है, हरि ने उसे भरोसा दिलाया कि वह मकान बिकवा देगा। बुधवार रात उसने महिला को बताया कि कोई खरीदार मकान देखना चाहता है। हरि महिला को झांसे में लेकर निशातपुरा स्थित मकान पहुंचा, जहां उसने बताया कि खरीदार अब सुबह आएगा। इसलिए हम यहीं रूक जाते हैं।
दोनों उसी मकान में ही रुक गए। देर आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर हरि ने मारपीट कर उसके साथ ज्यादती की। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग गया। सुबह पीड़िता ने अपने पति को घटना की जानकारी दी। गुरुवार रात थाने पहुंचकर दंपत्ति ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।