एक दिन पहले विवाद से दुखी नगर निगम कर्मचारी ने जहर खाकर दी जान

mp03.in संवाददाता भोपाल
गांधी नगर बस स्टैंड के पास परिवार के साथ रहने वाले एक युवक ने मंगलवार सुबह सल्फास की गोलियां खा लीं। सल्फास की गोलियां खाने के बाद युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई है। बताया जाता है कि जहर खान से एक दिन पहले युवक के साथ शाहपुरा क्षेत्र में कुछ लोगों ने जमकर विवाद किया था। हालांकि विवाद करने वाले कौन लोग हैं, परिजन अभी यह नहीं बता पा रहे हैं। गांधी नगर पुलिस ने शाहपुरा पुलिस से भी जानकारी मांगी है, लेकिन वहां कोई प्रकरण दर्ज नहीं है। गांधी नगर थाने के एएसआई लईक खान ने बताया कि सुनील मीणा पुत्र राम सिंह (35) गांधी नगर बस स्टैंड के पास परिवार के साथ रहता था। पत्नी बच्चों के साथ उसके माता-पिता व भाई भी साथ रहते हैं। सुनील भोपाल नगर निगम में जलकार्य विभाग में 25 दिवसीय कर्मचारी है, वह पानी सप्लाई के लिए वॉल्व खोलने व बंद करने का कार्य करता है। कल सुबह ग्यारह बजे उसने अपने घर में रखी सल्फास की गोलियां खाली थी। गोलियां खाने के बाद उसने जैसे ही उल्टी शुरू की, परिजन समझ गए। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ देर बाद वह मूर्छित हो गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सोमवार को शाहपुरा में कुछ लोगों से उसका जमकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की और जबरन किसी बात का दबाव बनाया, जिसके कारण वह एक दिन से बहुत तनाव में था।