रिवार्ड प्वाइंट बढ़ाने झांसा देकर छात्र के खाते से बिना ओटीपी के ट्रांसफर किए 99 हजार !

mp03.in संवाददाता भोपाल
कॉलेज की पढ़ाई कर रहे छात्र के खाते से जालसाज ने 5 अप्रैल को बिना ओटीपी के ही खाते से पैसे 99928 रूपए ट्रांसफर कर लिए। जालसाज ने पीड़ित को क्रेडिट कार्ड बदलने का भी झांसा दिया था। सायबर सेल ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सायबर सेल के अनुसार रोशन वर्मा पुत्र रवीन्द्रनाथ वर्मा (27) भोपाल में रहता है और कॉलेज में पढ़ाई करता है। उसने पुलिस को बताया कि पांच अप्रैल को उसके पास फोन आया था। फोन करने वाले ने क्रेडिट कार्ड कस्टमर केयर से फोन करना बताया। उनके पास एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है। पहले क्रेडिट कार्ड बदलने का झांसा जैसा दिया गया। बाद में बताया गया कि आपको क्रेडिट पर रिवार्ड प्वाइंट मिले हैं। इसके लिए आपको कंफर्मेशन के लिए कुछ डिटेल बतानी होगी। जालसाज के झांसे में आए युवक ने जो जानकारी चाही गई, वह बताने लगा। इतने में उसे शक हुआ कि कहीं जालसाज का तो फोन नहीं है। क्योंकि इस तरह के कार्यों के लिए फोन नहीं आता है। जालसाज को पूरी जानकारी दिए बिना ही फरियादी ने फोन काट दिया था। करीब एक घंटे बाद देखा तो उसके मोबाइल में 99928 रुपए कटने का मैसेज आया हुआ था। फरियादी ने 6 अप्रैल को बैंक में सपर्क किया, इसके बाद 7 अप्रैल को उसने सायबर सेल में शिकायत की थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का प्ररकण दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी यह डिटेल नहीं मिल पाई है कि जालसाज ने जहां पैसे ट्रांसफर किए हैं, वह कहां से संचालित हो रहा है।