बाइक की बुकिंग केंसिल के बाद मिले चेक में हेराफेरी कर 1 लाख 87 हड़पे

Share on social media
– महिला के खाते में हुआ चेक क्लीयर, पुलिस ने आरोपी के साथ महिला को भी बनाया आरोपी
mp03.in संवाददाता भोपाल
अशोका गार्डन इलाके में बाइक शोरूम के संचालक को एक शातिर जालसाज ने 1 लाख 87 हजार रूपए का चूना लगा दिया। दरअसल, जालसाज ने शोरूम से बाइक बुक की, जिसे बाद में कैंसिल करवा दिया था। जिसके एवज में शोरूम से उसे चेक मिला। इसी चेक में हेराफेरी कर एक लाख 87 हजार 650 रुपए भर कर आरोपी ने एक महिला के खाते में भूना लिया। पुलिस ने आरोपी और महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार सेबी सिंह पंजाबी बाग में ऑटो टेक नामक बाइक शोरूम संचालन करते हैं। बागमुगालिया निवासी विकास शर्मा ने उनके शोरूम में पांच हजार रुपए जमा कर 18 नवंबर 2021 को बाइक की बुकिंग की थी। पांच दिन बाद वापस आया और बाइक की बुकिंग निरस्त कर दी। बाइक की बुकिंग निरस्त करने पर शोरूम संचालक सेबी सिंह ने उसे पांच हजार रुपए का चेक दे दिया। शातिर विकास शर्मा ने शोरूम से मिले चेक में कूटरचित तरीके से करेक्शन कर उसमें 187,650 रुपए भरकर ज्योति तिवारी के आईसीआईसीआई शाखा बैरागढ़ खाते में जमा करवा कर भुना लिया। कुछ दिन बाद शोरूम के खाते का मिलान किया गया तो इतनी बड़ी राशि का चेक जारी होना पाया गया। जब देखा तो जिस चेक नंबर से इतनी बड़ी राशि निकाली गई थी, वह चेक तो पांच हजार रुपए का जारी किया गया था। इसके बाद सेबी सिंह ने अशोका गार्डन थाने में शिकायत की। शिकायत जांच के बाद पुलिस उपायुक्त जोन-1 के निर्देश पर विकास शर्मा और ज्योति तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।